प्रभावित गांवों में जांच और उपचार के लिए लगाए जा रहे शिविर
बिलासपुर। जिले के कोटा ब्लॉक में मलेरिया का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 10 दिनों के भीतर 25 लोगों में मलेरिया की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। गुरुवार को ही तीन नए मरीज मिलने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य निगरानी और तेज कर दी गई है।
कलेक्टर ने किया प्रभावित गांवों का दौरा
बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कलेक्टर ने मलेरिया प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को मलेरिया नियंत्रण अभियान में तेजी लाने, नियमित जांच, समय पर उपचार और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही कुपोषण उन्मूलन और स्वास्थ्य निगरानी को भी प्राथमिकता देने को कहा।
कोटा क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में सबसे अधिक मलेरिया के मामले कोटा ब्लॉक से सामने आ रहे हैं। प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों की जांच कर दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए फॉगिंग और अन्य रोकथाम उपाय भी किए जा रहे हैं।
लोगों से बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, ठंड लगना या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। मच्छरदानी का उपयोग करें, घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा पानी जमा न होने दें, ताकि मलेरिया के प्रसार को रोका जा सके।








