बीजापुर में राहत एवं बचाव अभियान जारी, बाढ़ प्रभावित इलाकों में होमगार्ड की त्वरित कार्रवाई
बीजापुर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बाधित हो गया है। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में जिला प्रशासन के निर्देश पर नगरसेना (होमगार्ड) की टीम राहत एवं बचाव कार्य में पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी हुई है।
जोखिम उठाकर लोगों की बचा रहे जान
नगरसेना के जवान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अपनी जान जोखिम में डालकर ग्रामीणों, बुजुर्गों और मरीजों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य लगातार कर रहे हैं। टीम कठिन परिस्थितियों में भी प्रभावित लोगों की मदद के लिए लगातार सक्रिय है।

महिला और बीमार बच्ची को पहुंचाया अस्पताल
राहत अभियान के दौरान ग्राम रेड्डी की एक महिला और उसकी बीमार बच्ची को उफनते जलमार्ग से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय पर उपचार मिलने से राहत मिली।

प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों को पार नहीं करने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन और राहत दल को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत दल लगातार निगरानी में
नगरसेना, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।








