6 साल पहले ‘सोनू’ बनकर दोस्ती और शादी का आरोप, बच्चे को लेकर भी विवाद
रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर अपनी पहचान छिपाकर दोस्ती और शादी करने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि आरोपी ने अपना नाम बदलकर उसे विश्वास में लिया और बाद में वास्तविक पहचान सामने आने पर विवाद शुरू हुआ। मामले की शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

नाम बदलकर शादी करने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले आरोपी ने अपना नाम सोनू बताकर उससे दोस्ती की और बाद में शादी कर ली। युवती का आरोप है कि शादी के बाद वह करीब एक वर्ष तक आरोपी के पंडरी स्थित घर में उसकी नानी और बहनों के साथ रही। इसी दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया।

जेल से लौटने के बाद बढ़ा विवाद
युवती का कहना है कि बाद में आरोपी हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया और एक वर्ष से अधिक समय तक जेल में रहा। आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद उसने बेटे को अपने पास रख लिया और उसे बच्चे से मिलने नहीं दिया। इसी शिकायत को लेकर युवती पंडरी थाने पहुंची।

परिजनों ने आरोपों से किया इनकार
वहीं आरोपी के परिजनों का कहना है कि उन्होंने युवती को परिवार के सदस्य के रूप में स्वीकार किया था। उनका दावा है कि आरोपी के जेल जाने के बाद युवती ने स्वयं आधार केंद्र जाकर अपना नाम परिवर्तित कराया था।

थाने पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ता
मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंचे और युवती की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
पंडरी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भी दावा किया है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। पुलिस जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।







