ब्लैक मनी को वैध बनाने और करोड़ों का फंड दिलाने का झांसा देकर करते थे ठगी, नागपुर से हुई गिरफ्तारी
रायपुर। रायपुर पुलिस ने निवेश के नाम पर 1.13 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय ठग गिरोह की दो महिला आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से Wash & Wash (ब्लैक मनी स्कैम) के जरिए लोगों को करोड़ों रुपये का निवेश और फंड उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में इसी तरह के फर्जी निवेश और ब्लैक मनी को वैध बनाने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई राज्यों में ठगी से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक लेन-देन, ठगी के तरीकों और अन्य राज्यों में फैले संपर्कों की भी गहन जांच कर रही है।








