अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा, ट्रक और मशीनरी समेत करीब 1.20 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए छह चक्का अशोक लीलैंड ट्रक, उसमें लोड भारी मशीनरी तथा अन्य सामग्री समेत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई गांजे की यह खेप रायपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को प्रदेश में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








