स्पेस गैलरी और विज्ञान गतिविधियों का किया अवलोकन, जनजातीय बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की पहल की सराहना
रायपुर। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रोफेसर आनंद और उनकी विशेषज्ञ टीम ने दंतेवाड़ा स्थित जिला विज्ञान केंद्र का भ्रमण कर वहां संचालित वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान टीम ने विज्ञान केंद्र की विभिन्न गैलरियों और विद्यार्थियों के लिए तैयार किए गए प्रयोगात्मक मॉडल्स का निरीक्षण किया।
वैज्ञानिकों ने स्पेस गैलरी, फिजिक्स गैलरी, माइनिंग गैलरी, विभिन्न विज्ञान प्रदर्शनों, वर्किंग मॉडल्स तथा विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘करके सीखें’ गतिविधियों को करीब से देखा। उन्होंने विज्ञान को सरल और व्यवहारिक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए विज्ञान केंद्र की पहल की सराहना की।
इसरो की टीम ने कहा कि दंतेवाड़ा जैसे सुदूर जनजातीय क्षेत्र में बच्चों के बीच वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए जिला प्रशासन और विज्ञान केंद्र का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विज्ञान से जोड़ना भविष्य के वैज्ञानिक और नवप्रवर्तक तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।







