मुरिया समाज और सर्व आदिवासी समाज ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, परंपरा से छेड़छाड़ का लगाया आरोप
जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के अंतिम दिनों में आयोजित होने वाले पारंपरिक मुरिया दरबार को लेकर नया विवाद सामने आया है। दंतेश्वरी मंदिर समिति की ओर से जारी कथित कार्यक्रम विवरणिका में ‘मुरिया दरबार’ की जगह ‘आम दरबार’ लिखे जाने पर मुरिया समाज और सर्व आदिवासी समाज ने कड़ी आपत्ति जताई है।
बुधवार को दोनों सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर कलेक्टर सीबी बघेल को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि कार्यक्रम विवरणिका में प्रकाशित ‘आम दरबार’ शब्द को तत्काल हटाकर उसकी जगह ‘मुरिया दरबार’ मुद्रित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि मुरिया दरबार बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे में कार्यक्रम विवरणिका में नाम परिवर्तन से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस त्रुटि को शीघ्र सुधारकर पारंपरिक नाम को ही मान्यता दी जाए, ताकि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं का सम्मान बना रहे।







