35.05 मीट्रिक टन जब्त खाद की नीलामी टलने से बढ़ा आक्रोश, किसानों ने जल्द वितरण की मांग उठाई
रायपुर। खेती-किसानी के अहम सीजन में खाद की कमी से परेशान किसानों का गुस्सा गुरुवार को सड़क पर फूट पड़ा। समोदा स्थित मेसर्स महानदी बीज भंडार से जब्त 35.05 मीट्रिक टन खाद की प्रस्तावित आम नीलामी अचानक स्थगित किए जाने से नाराज किसानों ने समोदा-लवन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग ने कुछ समय पहले मेसर्स महानदी बीज भंडार पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में खाद जब्त कर दुकान को सील कर दिया था। इसके बाद जब्त खाद की खुली नीलामी कराने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन प्रस्तावित नीलामी ऐन वक्त पर स्थगित कर दी गई।
नीलामी टलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि खरीफ सीजन में खाद की भारी आवश्यकता है और नीलामी स्थगित होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि जब्त खाद का जल्द से जल्द पारदर्शी तरीके से वितरण या नीलामी कर किसानों को राहत दी जाए। उनका कहना है कि खाद की कमी के कारण बुवाई और फसलों की देखभाल प्रभावित हो रही है।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले का जल्द समाधान निकालने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद स्थिति सामान्य कराने के प्रयास शुरू किए गए।







