कक्षा 9वीं के छात्र की संदिग्ध मौत के बाद विभाग सख्त, मामले की जांच शुरू
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) में कक्षा 9वीं के छात्र उमेश कंवर की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। छात्र की मौत के बाद विद्यालय के प्राचार्य मनोज गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है।
राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, नई दिल्ली के आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्राचार्य मनोज गुप्ता के खिलाफ केंद्रीय सिविल सेवा (CCS) नियम, 1965 के नियम 10(1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नया रायपुर स्थित EMRS सोसायटी से संबद्ध किया गया है।
बताया जा रहा है कि कक्षा 9वीं के छात्र उमेश कंवर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद इस मामले ने गंभीर रूप ले लिया था। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि छात्र की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।








