दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक भाजपा प्रदेश कार्यालय में रहेंगे मौजूद, राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर भी होंगे कई बड़े कार्यक्रम
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संचालित सहयोग केंद्र का आज अंतिम दिन है। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
जनता और कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद
भाजपा की इस पहल के तहत मंत्री टंकराम वर्मा लोगों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों और सुझावों पर चर्चा करेंगे। सहयोग केंद्र का उद्देश्य आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करना है।
राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस पर भव्य राज्य स्तरीय समारोह
इधर, राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के अवसर पर रायपुर में राज्य स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ‘कोशल फेब’ ब्रांड और ‘बिलासा’ लोगो का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही इन्वेंटरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर, बुनकर डायरेक्टरी और टाई-डाई पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया जाएगा।
बुनकरों और विद्यार्थियों को मिलेगी करोड़ों रुपये की सहायता
समारोह में 935 मेधावी विद्यार्थियों को 81.83 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। वहीं 17 वरिष्ठ बुनकरों को सम्मान राशि, 8 उत्कृष्ट बुनकरों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार तथा 49 बुनकरों को आवास निर्माण के लिए 1.22 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा 5 बुनकर समितियों को भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
उपकरण, टूल-किट और नई परियोजनाओं को भी मिलेगी मंजूरी
कार्यक्रम के दौरान 85 बुनकरों को उन्नत उपकरण, रेशम कृषकों को आर्थिक सहायता और हस्तशिल्पियों को टूल-किट वितरित किए जाएंगे। वहीं जशपुर जिले के गोरिया गांव में ग्लेजिंग यूनिट की स्थापना के लिए 2.86 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की जाएगी। सरकार का उद्देश्य हाथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र को नई तकनीक, आर्थिक सहायता और बेहतर बाजार उपलब्ध कराकर मजबूत बनाना है।







