प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड को बनाया निशाना, एक आरोपी अब भी फरार
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड से फर्जी ई-मेल के जरिए 28 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को पुलिस ने बिहार के सीतामढ़ी जिले से गिरफ्तार किया है। बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची।
सीतामढ़ी से आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी के मामले की जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में मुख्य आरोपी की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर-चांपा लाया। यहां न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
जानकारी के अनुसार, प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड कोटाडबरी चांपा के पर्चेस विभाग में कार्यरत कर्मचारी ने साइबर थाना जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, इस साइबर ठगी में एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जिसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।








