कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में हुआ परेड का निरीक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी किया गया अभ्यास
बलौदाबाजार। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा और एसपी गौरव राय मौजूद रहे। मुख्य अतिथि की भूमिका में जिला पंचायत की सीईओ दिव्या अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का किया गया अभ्यास
फाइनल रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में होने वाले सभी कार्यक्रमों का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल के अनुसार अभ्यास किया गया। अधिकारियों ने समारोह की व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया।
विभिन्न टुकड़ियों ने परेड में लिया हिस्सा
परेड में जिला पुलिस बल, अर्द्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर ने किया, जबकि परेड-2आईसी की जिम्मेदारी प्रशिक्षु सूबेदार पुष्पेंद्र राज खटर्जी ने संभाली।
स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का किया अभ्यास
समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी फाइनल अभ्यास किया गया। रिहर्सल के दौरान विद्यार्थियों ने निर्धारित प्रस्तुतियों का अभ्यास किया, ताकि स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कार्यक्रम व्यवस्थित और आकर्षक तरीके से संपन्न हो सके।







