पाइपलाइन के लिए खोदे गड्ढे की सही मरम्मत नहीं होने का आरोप, बाल-बाल बचे राहगीर
रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम अग्रसेन चौक स्थित मंगलम भवन, समता कॉलोनी के सामने गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक 18 चक्के वाला भारी ट्रक अचानक सड़क के बीच बने गड्ढे में धंस गया। हादसे के बाद ट्रक तिरछा होकर खड़ा हो गया, जिससे उसके पलटने का खतरा बना हुआ है।
पाइपलाइन के लिए खोदा गया था गड्ढा
जानकारी के अनुसार सड़क के बीच पाइपलाइन बिछाने के लिए गड्ढा खोदा गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि काम पूरा होने के बाद गड्ढे की ठीक से पैकिंग और सड़क की मरम्मत नहीं की गई, जिसके चलते भारी वाहन का वजन पड़ते ही सड़क धंस गई और ट्रक उसमें फंस गया।
लोगों ने ड्राइवर को रोकने की कोशिश की
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को आवाज देकर वाहन रोकने की कोशिश की। हालांकि चालक नहीं रुका और ट्रक पीछे की ओर ढलते हुए गड्ढे में जा धंसा। गनीमत रही कि आसपास खड़े लोग इसकी चपेट में नहीं आए और एक बड़ा हादसा टल गया।
कभी भी पलट सकता है ट्रक
हादसे के बाद ट्रक सड़क पर तिरछा खड़ा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक भारी ट्रक के पलटने की आशंका बनी हुई है, जिससे आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा पैदा हो गया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की जानकारी नहीं थी।
स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत और गड्ढे की सुरक्षित तरीके से भराई कराने के साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।







