300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने 10 दिन में सुलझाई वारदात
रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने सीएमओ तिराहा से चोरी हुए ट्रेलर डाला के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रेकी के बाद देर रात दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की रेकी की। इसके बाद 27 जुलाई की रात करीब 2:30 बजे ट्रेलर डाला चोरी कर लिया गया। चोरी के डाला को आरोपियों ने अपने ट्रेलर के इंजन से जोड़कर रायपुर पहुंचाया, जहां इसे करीब 4 लाख 30 हजार रुपये में बेच दिया गया।
300 से ज्यादा CCTV फुटेज बने अहम सुराग
मामले की जांच के दौरान कोतवाली पुलिस ने करीब 10 दिनों तक लगातार जांच करते हुए 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
13 लाख का चोरी का माल और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया ट्रेलर डाला एवं इंजन समेत करीब 13 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई करीब 8 लाख रुपये कीमत की कार और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की वारदात का पर्दाफाश हुआ है। मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








