शिकायत के 24 घंटे के भीतर चक्रधरनगर पुलिस ने की कार्रवाई, दोनों को भेजा जेल
रायगढ़। राह चलती महिला से छेड़खानी करने और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ जेल वारंट जारी हुआ, जिसके बाद उन्हें जेल दाखिल करा दिया गया।
पति को खाना देने जा रही थी महिला
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को 22 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ थाना चक्रधरनगर पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 2 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति को भोजन देने जा रही थी। उस समय उसके साथ बच्चे भी मौजूद थे।
इसी दौरान ग्राम एकताल निवासी उमेश और अभिषेक पीछे से आए और महिला के साथ कथित तौर पर छेड़खानी करने लगे। दोनों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
परिचित के पहुंचते ही मौके से भागे आरोपी
बताया गया कि इसी दौरान पीड़िता का एक परिचित मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया। उसे देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला ने घटना की जानकारी अपने पति और गांव के प्रमुख लोगों को दी। उनकी सलाह के बाद उसने थाना चक्रधरनगर पहुंचकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर चक्रधरनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 304/2026 दर्ज करते हुए धारा 74 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला कायम किया और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर दोनों को जेल भेज दिया गया।








