मुखबिर की सूचना पर बौरीपारा में दबिश, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजी गई
अंबिकापुर। अंबिकापुर में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के निर्देश तथा सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में की गई।जिला आबकारी अधिकारी एल.के. गायकवाड के निर्देशन और सहायक जिला आबकारी अधिकारी शीला बड़ा के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बौरीपारा क्षेत्र में दबिश दी।
महिला के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद
छापेमारी के दौरान एक महिला के कब्जे से लगभग 15 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। जांच में आरोपी की पहचान सुबासो, पति श्यामलाल, उम्र 30 वर्ष, निवासी बौरीपारा, अंबिकापुर के रूप में हुई।आबकारी विभाग ने मौके पर ही अवैध शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जप्त शराब के आधार पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामला गैर-जमानती पाए जाने पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।न्यायालय ने सुनवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।
आबकारी विभाग की सख्त चेतावनी
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम जनता से भी अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।पी.एस. एल्मा के निर्देश और सरगुजा प्रशासन की निगरानी में यह कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने का संदेश दिया गया है।सरगुजा क्षेत्र में लगातार चल रहे ऐसे अभियानों से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।








