पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया लोकार्पण, ‘परमवीर गैलरी’ का भी शुभारंभ
रायपुर/अंबिकापुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर में नव-निर्मित अत्याधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट का भव्य एवं गरिमामय समारोह में उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
पर्यटन मंत्री रहे मुख्य अतिथि
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सरगुजा अजीत वसंत विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर किया लोकार्पण
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने संयुक्त रूप से उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर नव-निर्मित पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट को विद्यालय एवं कैडेट्स को समर्पित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन एवं कैडेट्स में विशेष उत्साह देखा गया।
परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा को दी श्रद्धांजलि
समारोह की शुरुआत परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अतिथियों ने उनके शौर्य और बलिदान को नमन किया।
‘परमवीर गैलरी’ का भी हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान देश के वीर सैनिकों के सम्मान में स्थापित ‘परमवीर गैलरी’ का भी लोकार्पण किया गया। इस गैलरी के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय सेना के वीर नायकों के बारे में जानकारी मिलेगी और उनमें देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल होगी।








