कांकेर में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, पत्नी गंभीर रूप से घायल
कांकेर। कांकेर के सिकसोड़ थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक को लेकर एक पति द्वारा अपनी पत्नी और चाचा ससुर पर टंगिया से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे चाचा ससुर भी चोटिल हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता 17 जून को अपने चाचा के घर ग्राम कस्तूरा पहुंची थी। उसने परिजनों को बताया कि उसका पति सूरज लाल पोटाई उस पर अवैध संबंध का शक करता है और शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता है। इस पर परिजनों ने अगले दिन गांव में बैठक कर आरोपी को समझाने का निर्णय लिया था।
रात में अचानक घर पहुंचकर किया हमला
इसी बीच 17 जून की रात करीब 12:15 बजे आरोपी सूरज लाल पोटाई अचानक चाचा के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया।आरोप है कि आरोपी ने घर में रखी लोहे की टंगिया से पत्नी के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पत्नी को बचाने आए उसके चाचा पनकू राम उइके पर भी आरोपी ने हमला किया, जिससे उनकी बाईं आंख के नीचे चोट आई।
दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही सिकसोड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








