आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच तेज
भुवनेश्वर। ओडिशा सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को संबलपुर स्थित कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीएडीए) के कार्यपालक अभियंता पद्मलोचन नायक के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। उन पर आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) रखने का गंभीर आरोप है।
विजिलेंस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई 23 जून को दर्ज की गई शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें अभियंता पर अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद टीम ने एक साथ कई जिलों में तलाशी अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान संबलपुर, कटक, बालेश्वर और मलकानगिरी जिलों में स्थित कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।
विजिलेंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कई महत्वपूर्ण वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों से जुड़े सुराग मिले हैं, जिनकी आगे जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि सभी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।








