देर रात सिरगिट्टी मोड़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के रायपुर रोड स्थित सिरगिट्टी मोड़ के पास करीब रात 2 बजे हुआ।
तेज रफ्तार हाईवा ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, स्कूटी पर सवार तीन युवक सिरगिट्टी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चकरभाठा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान, दो घायल सिम्स में भर्ती
मृतक की पहचान आकाश वर्मा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवकों की पहचान अजय श्रीवास और दीपक श्रीवास के रूप में की गई है। दोनों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
हाईवा जब्त, चालक गिरफ्तार
सिरगिट्टी थाना प्रभारी यशवंत प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है।










