खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में कानून-व्यवस्था मजबूत करने विशेष अभियान
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना खैरागढ़ और थाना गंडई क्षेत्र में 29 जून 2026 की रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया।
कई इलाकों में सघन गश्त, संवेदनशील स्थानों की जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने खैरागढ़ क्षेत्र के बरेठपारा, जमातपारा, बख्शी मार्ग, इतवारी बाजार, धरमपुरा, अमलीपारा, बस स्टैंड, शिव मंदिर रोड, कॉलोनी क्षेत्रों सहित कई स्थानों पर गश्त की। वहीं गंडई क्षेत्र में बस स्टैंड, रावण पारा, रामपारा, कोपेभाठा, टिकरीपारा, कुम्हारपारा, पटेल पारा, महामाई पारा, मस्जिदपारा, नवापारा समेत विभिन्न इलाकों में निगरानी की गई।
पुलिस ने इस दौरान बैंक, एटीएम, सराफा बाजार, लॉज, ढाबों और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच भी की।
फरार वारंटियों और बदमाशों पर पुलिस की दबिश
अभियान के दौरान निगरानी में रखे गए और आदतन अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने उनकी उपस्थिति की जांच करते हुए उनसे वर्तमान गतिविधियों और आजीविका को लेकर पूछताछ की तथा भविष्य में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
इस कार्रवाई में 3 स्थायी वारंट तामील किए गए। साथ ही 9 निगरानी बदमाशों और 25 गुंडा बदमाशों के निवास स्थानों पर भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
देर रात घूमने वालों को दी गई चेतावनी
अभियान के दौरान बिना किसी उचित कारण के देर रात घूमते पाए गए लोगों को थाना लाया गया। बाद में उनके परिजनों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द किया गया और भविष्य में अनावश्यक रूप से रात में बाहर न घूमने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।










