कृषि विभाग ने कृषक चौपाल में दी वैकल्पिक फसलों की जानकारी
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में खरीफ मौसम के दौरान फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग द्वारा किसानों को लगातार प्रेरित एवं जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चारभांठा में कृषक चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को धान की परंपरागत खेती के स्थान पर दलहन, तिलहन, रागी, मक्का सहित अन्य लाभकारी एवं कम लागत वाली फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि बदलते मौसम और जल संकट की स्थिति को देखते हुए फसल विविधीकरण किसानों के लिए अधिक लाभकारी साबित हो सकता है।
कार्यक्रम में किसानों को नई कृषि तकनीकों, उत्पादन लागत में कमी और बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त करने के उपायों की भी जानकारी दी गई। साथ ही विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी किसानों को प्रोत्साहित किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की पहल से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि कृषि उत्पादन प्रणाली भी अधिक टिकाऊ और संतुलित बनेगी।










