दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन जुआ-सट्टा और अवैध पैसों के लेन-देन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राष्ट्रीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ऑनलाइन सट्टा ऐप “अंचल रेडी” के माध्यम से पूरा नेटवर्क चला रहे थे।
पुलिस की बड़ी उपलब्धि
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 81 एटीएम कार्ड, 62 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और एक हार्ड डिस्क जब्त की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।
गरीबों को बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार, आरोपी गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। बाद में इन खातों से जुड़े एटीएम कार्डों का उपयोग अवैध ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी में किया जाता था।
गिरफ्तारी और छानबीन
दुर्ग पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर इन तीनों अंतर्राष्ट्रीय आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से बरामद दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क बड़े स्तर पर चल रहा था और आगे भी कई लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।








