भिलाई में स्टंटबाजी करने वाले युवक का वीडियो वायरल, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
Durg जिले में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने का मामला सामने आया है। भिलाई की सड़कों पर खतरनाक बाइक स्टंट करने के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस कार्रवाई का मजाक उड़ाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने आरोपी युवराज सोनी को लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और सड़क पर स्टंट कर लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी का स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद सुपेला पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।शनिवार शाम पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस वाहन में बैठकर बनाई इंस्टाग्राम रील
हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी का रवैया नहीं बदला। उसने पुलिस वाहन के अंदर बैठकर एक और वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह हथकड़ी दिखाते हुए रील बनाता नजर आया।इस वीडियो को उसने इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए लिखा—“आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल”।
सोशल मीडिया पर बढ़ा मामला, पुलिस पर सवाल
आरोपी की इस हरकत के बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया है और लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग कानून के प्रति ऐसे रवैये पर सवाल उठा रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।








