सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद वन विभाग की सख्त कार्रवाई
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम छर्राटांगर में जंगली हाथियों को प्रताड़ित करने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की गई, जिसमें कुछ लोग हाथियों पर पत्थर फेंकते और पटाखे फोड़कर उन्हें डराने का प्रयास करते दिखाई दे रहे थे।
खेतों में पहुंचे हाथियों को भगाने के लिए अपनाए गए खतरनाक तरीके
वन विभाग द्वारा वीडियो का संज्ञान लेते ही मामले की जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि घटना ग्राम छर्राटांगर की है, जहां दो जंगली हाथी खेतों में पहुंच गए थे। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें भगाने के लिए पत्थरबाजी और पटाखे फोड़ने जैसे अनुचित एवं खतरनाक तरीके अपनाए, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ।
जांच के बाद दो आरोपियों की हुई पहचान
वनमंडलाधिकारी अरविंद पी.एम. के निर्देशन में उप वनमंडलाधिकारी घरघोड़ा आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मैदानी जांच की गई। जांच के दौरान मनमोहन राठिया और करम सिंह राठिया की पहचान घटना में शामिल व्यक्तियों के रूप में हुई।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16), 9, 51 एवं 52 के तहत मामला दर्ज किया है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों, विशेषकर हाथियों के क्षेत्र में पहुंचने की स्थिति में उन्हें नुकसान पहुंचाने या प्रताड़ित करने का प्रयास न करें। ऐसी गतिविधियां कानूनन अपराध हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है।










