नाम परिवर्तन से ग्रामीणों में खुशी, उपमुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की दी सौगात
कवर्धा के कबीरधाम जिला में स्थित एक गांव, जो वर्षों तक अपने पुराने नाम “गधहाभाटा” को लेकर चर्चा और सामाजिक झिझक का कारण बना हुआ था, अब आधिकारिक रूप से “सोनपुर” के नाम से जाना जाएगा। राज्य शासन द्वारा इस नाम परिवर्तन को राजपत्र में प्रकाशित कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को सौंपी राजपत्र की प्रति
नाम परिवर्तन की खुशी के अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम सोनपुर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपते हुए नई पहचान के लिए बधाई दी और गांव के विकास को लेकर 7 लाख 50 हजार रुपए के विभिन्न कार्यों की घोषणा भी की।
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पीड़ा हुई समाप्त
ग्रामीणों ने बताया कि “गधहाभाटा” नाम के कारण उन्हें कई बार सामाजिक उपहास और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता था। यहां तक कि इसका असर सामाजिक रिश्तों और विवाह संबंधों पर भी पड़ता था। अब “सोनपुर” नाम मिलने से ग्रामीणों में गर्व और आत्मसम्मान की भावना बढ़ी है।
विकास की नई दिशा की उम्मीद
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह बदलाव केवल नाम का नहीं, बल्कि गांव की पहचान और विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सोनपुर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।ग्रामीणों ने इस निर्णय के लिए राज्य सरकार और उपमुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि अब वे अपने गांव की पहचान गर्व से बता सकेंगे।









