जंगली जानवरों से फसल बचाने के प्रयास में हुआ बड़ा हादसा
कवर्धा। कबीरधाम जिले में जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए लगाए जा रहे अवैध विद्युत झटका तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुए हैं। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बीरनपुर कला में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
खेत में बिछाए गए करंट तार की चपेट में आए किसान
जानकारी के अनुसार, खेत की मेड़ पर जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए लगाए गए अवैध इलेक्ट्रिक फेंसिंग तार की चपेट में आने से किसान गोकरण पटेल (55 वर्ष) और उनके पुत्र परमेश पटेल (22 वर्ष) की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ ही मिनटों में उजड़ गया परिवार
घटना इतनी अचानक हुई कि दोनों को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका। कुछ ही मिनटों में पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस जांच में जुटी, अवैध फेंसिंग पर फिर उठे सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर खेतों में लगाए जा रहे अवैध विद्युत झटका तारों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










