सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और निशानदेही से पुलिस को बड़ी सफलता, हत्या का हथियार और एक्टिवा बरामद
रायपुर। कमिश्नरेट क्षेत्र के थाना खमतराई में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन और पत्थर बरामद किया है। इसके साथ ही दोनों के द्वारा की गई दो पल्सर मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को थाना खमतराई क्षेत्र के डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी स्थित क्रिकेट मैदान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक के सिर पर किसी ठोस वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है।
मृतक की पहचान
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की गई और मृतक की पहचान रूपेश सारथी (पिता भागवत सारथी, उम्र 35 वर्ष), निवासी शहीद नगर खमतराई रायपुर के रूप में हुई।
आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान गोर्वधन नगर खमतराई निवासी शिवा सोनी उर्फ तुषार (पिता भुनेश्वर सोनी, उम्र 20 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी (विधि से संघर्षरत बालक) के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया।
दोनों ने बताया कि घटना के दिन वे शराब के नशे में एक्टिवा वाहन से घूम रहे थे। जी.टी. कॉम्प्लेक्स खमतराई के पास मृतक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने मृतक को एक्टिवा में बैठाकर घटना स्थल पर ले जाकर पत्थर से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी।
बरामदगी और अतिरिक्त खुलासे
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन और पत्थर बरामद कर लिया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों ने पूर्व में दो पल्सर मोटरसाइकिलें चोरी की थीं:
- 30 मई 2026 को थाना देवेंद्र नगर क्षेत्र से मोहित साहू की पल्सर (CG 04 MF 3934)
- 9 जून 2026 को थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र से महेश देवांगन की पल्सर (CG 05 AQ 7813)
दोनों चोरी हुई मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 574/26 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिवा सोनी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई की टीम ने सराहनीय काम किया है।








