कोटपाड गांव में दर्दनाक हादसा, 6 और 7 वर्षीय बच्चों के शव बरामद
कोड़ागांव। छत्तीसगढ़ के कोड़ागांव जिले से एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। ग्राम कोटपाड में नाले में नहाने के दौरान दो चचेरे भाइयों की डूबकर मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मामला बड़ेडोगर थाना क्षेत्र का है।
नहाते समय गहरे पानी में चले गए बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को 6 वर्षीय साजन पोयाम (पिता केशव पोयाम) और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम (पिता तेजराज पोयाम) गांव के नाले में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों बच्चे अचानक गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए।
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश
देर शाम तक दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। नाले के किनारे उनके कपड़े मिलने पर अनहोनी की आशंका गहरा गई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से व्यापक खोजबीन की गई।करीब रात 8 बजे दोनों बच्चों के शव नाले से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, मर्ग कायम
सूचना मिलने पर बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गांव में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी घटना से गहरे सदमे में हैं।








