राज्य सरकार ने दी मंजूरी, सोनहत थाने में दर्ज मामलों की अब करेगी केंद्रीय एजेंसी जांच
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित नौगई (कटगोड़ी) तिहरे हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) करेगी। राज्य सरकार ने इस मामले को सीबीआई को सौंपने के लिए दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा-6 के तहत सहमति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही जांच की जिम्मेदारी अब औपचारिक रूप से केंद्रीय एजेंसी के पास चली गई है।
गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, थाना सोनहत में दर्ज अपराध क्रमांक 65/2026 और 66/2026 की जांच सीबीआई करेगी। इसके लिए दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (डीएसपीई) के अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र का विस्तार पूरे छत्तीसगढ़ राज्य तक किया गया है, ताकि जांच एजेंसी को सभी आवश्यक अधिकार मिल सकें।
16-17 जून की रात हुई थी वारदात
यह मामला 16 और 17 जून 2026 की दरम्यानी रात ग्राम कटगोड़ी (नौगई) में हुई तिहरी हत्या से जुड़ा है। घटना के समय भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने दो साथियों वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह के साथ फॉर्च्यूनर वाहन में मौजूद थे।
विवाद सुलझाने के बहाने बुलाकर हमला
आरोप है कि पुरानी रंजिश को सुलझाने के बहाने तीनों को बुलाया गया था, जहां उन पर जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद हमलावरों ने वाहन में पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।
तीनों की मौत से मचा था हड़कंप
इस घटना में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान वीरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी।
निष्पक्ष जांच की उठ रही थी मांग
घटना के बाद से ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग जोर पकड़ रही थी। अब सीबीआई जांच के आदेश के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि पूरे मामले की गहराई से जांच होगी और सच्चाई सामने आएगी।









