पुरानी रंजिश और वर्चस्व विवाद बना वारदात की वजह
रायपुर। कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम नागोई में 16-17 जून की रात हुए दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह घटना आपसी पुरानी रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का परिणाम है।
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण बनी हुई है।
वर्षों से चला आ रहा था दोनों पक्षों के बीच विवाद
पुलिस से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच कई वर्षों से आपसी विवाद और वर्चस्व को लेकर तनाव बना हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसने बाद में गंभीर रूप लेते हुए दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, तुरंत शुरू हुई कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। थाना सोनहत में अपराध दर्ज कर मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।जिला प्रशासन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, शांति बनाए रखने की अपील
घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर शांति और सौहार्द बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने की अपील, अफवाहों से बचने को कहा
जिला प्रशासन ने कहा है कि वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और शांति व सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।








