कोंडागांव (छत्तीसगढ़)। फरसगांव ब्लॉक के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटपाड में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपने ही बड़े भाई और मां पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
भोजन के दौरान अचानक हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटपाड निवासी सलीम पटेल (24 वर्ष), पिता कुशल पटेल, अपनी मां रामोतीन पटेल के साथ घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई जितेंद्र पटेल वहां पहुंचा और अचानक कुल्हाड़ी से सलीम पर हमला कर दिया।
सिर, पीठ और जांघ में गंभीर चोटें
हमले में सलीम पटेल के सिर, पीठ और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने आई मां रामोतीन पटेल भी इस हमले में घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज जारी, कारण अज्ञात
गंभीर रूप से घायल सलीम पटेल को 112 एंबुलेंस की मदद से रात करीब 8:30 बजे फरसगांव अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मां रामोतीन पटेल को कोटपाड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।











