भारतमाला रोड पर हुआ भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार वाहन की तलाश में पुलिस
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डोंगरी-कोरबी के पास भारतमाला रोड पर मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन बुजुर्गों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दलहरण दास वैष्णव (62 वर्ष), केदार बरेट (52 वर्ष) और संतु यादव (70 वर्ष) रोजाना की तरह सुबह टहलने के लिए निकले थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










