आंबेडकर अस्पताल के बाहर JDA का शांतिपूर्ण धरना, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देने की अपील
रायपुर। NEET 2026 पेपर लीक मामले और देश की परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) रायपुर ने बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और इसका उद्देश्य छात्रों के हितों की रक्षा तथा निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग उठाना है।

JDA रायपुर के अध्यक्ष डॉ. पीयूष पी. श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने हाथों में तख्तियां लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। ऐसे मामलों से छात्रों का भरोसा परीक्षा व्यवस्था पर कमजोर पड़ता है, इसलिए परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जाना आवश्यक है।

JDA ने केंद्र और संबंधित एजेंसियों से मांग की कि पेपर लीक जैसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाया जाए।
एसोसिएशन ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।









