चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने दी राहत, पुलिस हिरासत में परीक्षा केंद्र ले जाने के आदेश
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने रायपुर सेंट्रल जेल में बंद एक छात्र को 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने मामले की अर्जेंट सुनवाई करते हुए रायपुर के पुलिस अधीक्षक और जेल अधीक्षक को निर्देश दिया है कि छात्र को उचित पुलिस हिरासत में परीक्षा केंद्र तक ले जाकर परीक्षा में शामिल कराया जाए।
अंतरिम आवेदन पर हुई सुनवाई
जानकारी के अनुसार, आवेदक छात्र भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 108 के तहत दर्ज अपराध के मामले में गिरफ्तार होकर रायपुर सेंट्रल जेल में निरुद्ध है। छात्र की ओर से अधिवक्ता अनुकूल विश्वास ने हाईकोर्ट में अंतरिम आवेदन प्रस्तुत कर अस्थायी राहत की मांग की थी।याचिका में कहा गया कि छात्र NEET-2026 परीक्षा का अभ्यर्थी है और उसकी परीक्षा 21 जून 2026 को रायपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय में आयोजित होनी है। आवेदन के साथ परीक्षा का प्रवेश पत्र भी संलग्न किया गया था। साथ ही जेल में अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया था ताकि वह परीक्षा की तैयारी कर सके।
परीक्षा केंद्र तक सुरक्षा के साथ पहुंचाने के निर्देश
मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि छात्र को निर्धारित तिथि पर पुलिस हिरासत में परीक्षा केंद्र ले जाया जाए और परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाए। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद छात्र को वापस जेल भेजा जाएगा।हाईकोर्ट ने रायपुर पुलिस अधीक्षक और संबंधित जेल अधीक्षक को आदेश के पालन की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि परीक्षा के दौरान सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया दोनों सुनिश्चित हो सकें।
तीन सप्ताह बाद फिर होगी सुनवाई
कोर्ट ने यह भी कहा कि मामले में अभी तक आरोप पत्र दाखिल नहीं किया गया है। इसलिए प्रकरण को तीन सप्ताह बाद पुनः सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए। साथ ही आदेश की प्रति संबंधित ट्रायल कोर्ट, पुलिस अधीक्षक और जेल अधीक्षक को तत्काल भेजने के निर्देश रजिस्ट्रार (न्यायिक) को दिए गए हैं।
शिक्षा के अधिकार को प्राथमिकता
हाईकोर्ट के इस आदेश को शिक्षा के अधिकार और न्यायिक संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अदालत ने यह सुनिश्चित किया कि न्यायिक प्रक्रिया के बीच भी छात्र की शैक्षणिक संभावनाएं प्रभावित न हों और उसे राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिले।








