शराब के लिए पैसे न देने पर हमला, आरोपी फरार
रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के मंधाईपुर गांव में चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। यहां जीवन लाल यादव उर्फ नंदू पर आरोपी अरुण सायतोडे ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीने पर कई वार, हालत आईसीयू में गंभीर
हमले में नंदू के सीने में कई बार चाकू मारे गए, जिससे उसे अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है और फिलहाल उसका इलाज खरोरा के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
पहले भी पैसे को लेकर हो चुका था विवाद
जानकारी के अनुसार, आरोपी अरुण सायतोडे ने घटना से पहले नंदू के बड़े भाई से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर उसने कथित तौर पर बड़े भाई के साथ भी मारपीट करते हुए चेन से गला घोंटने की कोशिश की थी।इसके अगले दिन आरोपी नंदू को तलाशते हुए उसके घर पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
परिजनों का आरोप—हल्की धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि मामले में हल्की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे वे असंतुष्ट हैं। परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद से आरोपी अरुण सायतोडे फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है, हालांकि अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।








