अज्ञात नंबर से भेजा गया फर्जी आरटीओ ई-चालान, APK फाइल बनी जाल
Raipur में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने आरटीओ के नाम पर फर्जी ई-चालान भेजकर एक फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से 2.63 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली।पुलिस के अनुसार, मोवा प्रेम नगर निवासी आशीष वर्मा (35) हिंदुजा फाइनेंस कंपनी, आजाद चौक में कर्मचारी हैं। 6 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मोबाइल पर 5733271342 नंबर से एक संदिग्ध मैसेज आया, जिसमें आरटीओ का ई-चालान भेजा गया था।
APK फाइल ओपन करते ही खाते से उड़ गए पैसे
यह ई-चालान एक APK फाइल के रूप में भेजा गया था। जैसे ही आशीष वर्मा ने उस फाइल को क्लिक कर खोला, कुछ ही पलों में उनके एक्सिस बैंक खाते से ₹2,63,673 रुपये ट्रांसफर हो गए।पीड़ित को इस साइबर फ्रॉड की जानकारी अगले दिन लगी, जिसके बाद उन्होंने देर रात आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, साइबर सेल जांच में जुटी
पुलिस ने मामले में धारा 318-4 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह ठगी किस नेटवर्क के जरिए अंजाम दी गई।
साइबर अपराधियों के नए तरीके से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए APK फाइल, लिंक या ई-चालान को बिना सत्यापन के न खोलें, क्योंकि साइबर ठग लगातार नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।







