विशेष चेकिंग अभियान में अपराधियों पर कसा शिकंजा
रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान एक ओर जहां अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की गई, वहीं दूसरी ओर पुराने वाहन चोरी मामलों से जुड़े आरोपियों की तस्दीक भी की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में चला अभियान
यह विशेष अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश और मार्गदर्शन में चलाया गया।
अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के लिए विशेष रणनीति तैयार कर टीमों को फील्ड में उतारा।
70 सदस्यीय टीमों ने संभाला मोर्चा
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और प्रभारी अधिकारियों के नेतृत्व में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की करीब 70 सदस्यीय टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में अपराधियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अवैध शराब, वाहन चोरी और साइबर अपराध जैसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।










