पुलिस ने बरामद की 5 चोरी की बाइक, करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही कीमत
रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पांच दोपहिया वाहन बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है।
चोरी की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के मुताबिक, मामला थाना अभनपुर और राखी क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी की घटनाओं से जुड़ा है। मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी रोशन साहू ने अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मोटरसाइकिल सब्जी बाजार से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने दोपहिया वाहन चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
चोरी के नेटवर्क की तलाश जारी
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा चोरी किए गए वाहनों को कहां खपाया जाता था। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।











