घर में अकेली रह रही महिला पर अज्ञात बदमाश ने किया हमला, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर। धरसीवां थाना क्षेत्र के मौहागांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां घर में अकेली रह रही एक महिला पर अज्ञात बदमाश ने धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मौहागांव निवासी भागबती मन्नाडे अकेले रहती हैं और मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करती हैं। शुक्रवार रात उनके रिश्तेदार चंद कुमार गिलहरे उन्हें खाना देने के लिए घर पहुंचे थे, तभी इस वारदात की जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








