रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित ड्रग्स मामलों में शामिल कथित “ड्रग्स क्वीन” नव्या मलिक केस अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। रायपुर पुलिस की जांच के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी इस मामले में सक्रियता दिखाई है। ईडी ने मामले से जुड़े दस्तावेज, चार्जशीट और अन्य जांच रिकॉर्ड रायपुर पुलिस से तलब किए हैं।
ईडी ने रायपुर पुलिस से मांगा जांच रिकॉर्ड
सूत्रों के अनुसार ईडी ने पूरे केस से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, केस डायरी, चार्जशीट और अब तक की जांच रिपोर्ट की मांग की है। एजेंसी इस केस को अब आर्थिक अपराध की दृष्टि से भी खंगालने की तैयारी में है।
मनी ट्रेल और आर्थिक नेटवर्क पर फोकस
ईडी की जांच का मुख्य केंद्र कथित ड्रग्स कारोबार से जुड़े पैसों का प्रवाह यानी मनी ट्रेल होगा। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि अवैध कमाई कहां-कहां निवेश की गई और किन खातों के जरिए इसे घुमाया गया।
बैंक खातों और संपत्तियों की जांच की संभावना
जांच एजेंसी बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन, संपत्तियों और संदिग्ध निवेशों की गहन जांच कर सकती है। साथ ही उन वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जाएगी जिनमें अवैध धन को वैध दिखाने की कोशिश की गई हो।
कई लोगों की बढ़ी चिंता
ईडी की एंट्री के बाद उन लोगों में चिंता बढ़ गई है, जिनके नाम जांच के दौरान सामने आए थे लेकिन अब तक चार्जशीट का हिस्सा नहीं बने हैं। माना जा रहा है कि आगे जांच का दायरा और बढ़ सकता है।









