
हाईकोर्ट के आदेश पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र लाया गया कुणाल तरुणकर
रायपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सेंट्रल जेल में बंद एक आरोपी को नीट-यूजी री-एग्जाम में शामिल होने की अनुमति दी गई। हाईकोर्ट के आदेश के बाद आरोपी छात्र कुणाल तरुणकर को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्र ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, कुणाल तरुणकर को केंद्रीय विद्यालय डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित परीक्षा केंद्र पर कड़ी पुलिस निगरानी में पहुंचाया गया, जहां उसने नीट-यूजी री-एग्जाम में हिस्सा लिया।
युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का है आरोप
आरोपी पर गंभीर आरोप है कि उसने एक युवती को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाया था। बताया गया है कि 20 अप्रैल को 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद यह मामला सामने आया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद मिली अनुमति
मामले में अदालत के निर्देश के बाद प्रशासन ने आरोपी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस की निगरानी में उसे जेल से परीक्षा केंद्र तक लाया गया और परीक्षा संपन्न कराई गई।







