बेमेतरा। राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर रविवार को 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु (एमसीएच) अस्पताल, बेमेतरा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू एवं नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को खुराक पिलाने की अपील
इस अवसर पर अतिथियों ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक बच्चे तक यह सुरक्षा कवच पहुंचाना आवश्यक है।
जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला भाजपा प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, पार्षद नीतु कोठारी, गौरव साहू, निखिल साहू, चांदनी रोशन दत्ता, रवि मुलवानी, महेश साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू, नोडल अधिकारी डॉ. बी.एल. राज, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े, जिला कार्यक्रम प्रबंधक लता बंजारे तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पोलियो उन्मूलन के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने पोलियो उन्मूलन के लिए जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण और पल्स पोलियो अभियान के माध्यम से बच्चों को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले भर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।










