जसपुर में अवैध रेत परिवहन पर भी चला अभियान
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोलोमाइट के अवैध उत्खनन में संलिप्त मशीनों और वाहनों को जब्त किया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जसपुर में दो ट्रैक्टर पकड़े गए
खनिज विभाग की टीम ने मंगलवार को सारंगढ़ तहसील के ग्राम जसपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौण खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद दोनों वाहनों को थाना सारंगढ़ में सुरक्षार्थ रखा गया है।
मौहापाली में औचक निरीक्षण, अवैध उत्खनन का खुलासा
बुधवार को खनिज अमले ने सरिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटंगपाली के आश्रित ग्राम मौहापाली में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खनिज डोलोमाइट के बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन का मामला सामने आया।
निरीक्षण में अवैध खनन कार्य में लगी 8 पोकलेन मशीनों को जब्त किया गया। विभाग ने सभी मशीनों को जप्ती की कार्रवाई के बाद ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया।
20 ट्रैक्टरों पर भी कार्रवाई
खनिज विभाग की टीम ने अवैध डोलोमाइट उत्खनन और परिवहन में शामिल 20 ट्रैक्टरों को भी जब्त किया। इन सभी वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना सरिया में सुरक्षार्थ रखा गया है।
नियमों के तहत की गई कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।







