8 दिनों में पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री
सूरजपुर। सूरजपुर जिले में रामानुजनगर पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को महज आठ दिनों के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या उसके ही बेटे ने अपने मौसा और एक दोस्त की मदद से की थी।
पूरा मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के चिरमी बचरापोड़ी का है। पुलिस के अनुसार, 10 जून की रात हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके बाद 11 जून की रात आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर सुनसान इलाके में फेंक दिया।
दो दिन पहले शव की पहचान 45 वर्षीय शिव प्रसाद सिंह (गोंड), निवासी चिरमी बचरापोड़ी, थाना बैकुंठपुर के रूप में की गई थी। पहचान के बाद पुलिस ने जांच तेज की और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि वारदात की साजिश बेटे ने अपने मौसा और दोस्त के साथ मिलकर रची थी। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए बोरे में बांधकर दूर जंगलनुमा इलाके में फेंक दिया गया था।इस पूरे मामले का खुलासा रामानुजनगर थाना पुलिस की त्वरित जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किया गया है।









