वीडियो बनाने पहुंचे लोगों पर हुआ आक्रामक, जान बचाने भागे ग्रामीण; इलाके में दहशत
सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघरा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी आबादी क्षेत्र के करीब पहुंच गया। हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया।
हाथी का वीडियो बनाने पहुंचे थे लोग
जानकारी के अनुसार, गांव के पास दंतैल हाथी पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ लोग हाथी को करीब से देखने और उसका वीडियो बनाने लगे।
इसी दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और लोगों की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी तरफ आता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
चप्पल-जूते छोड़कर भागे ग्रामीण
हाथी के हमले से बचने के लिए ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे। कई लोग अपनी जान बचाने की कोशिश में मौके पर ही चप्पल और जूते छोड़कर भाग निकले।
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
घटना के बाद वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को हाथी से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों के करीब न जाएं और उनका वीडियो बनाने या उन्हें उकसाने की कोशिश न करें, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।












