परिजनों की शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला, रघुनाथपुर चौकी क्षेत्र से मिली बच्ची
रायपुर/अंबिकापुर। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से लापता हुई एक नाबालिग बच्ची को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। बच्ची के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। मामले में पुलिस ने अपहरण की आशंका के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को बच्ची के परिजनों ने थाना गांधीनगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से उनकी नाबालिग बच्ची को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।

शिकायत के आधार पर गांधीनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत शून्य पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस और संबंधित एजेंसियों के प्रयासों से बच्ची को रघुनाथपुर चौकी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची को ले जाने के पीछे क्या कारण था और इसमें किसी व्यक्ति की भूमिका रही या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।








