रोजगार और बायबैक गारंटी का झांसा देकर लाखों रुपये लेने का आरोप, एफआईआर दर्ज करने की उठी मांग
रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित वॉलफोर्ट ओजोन परिसर में संचालित भारत ग्रुप के खिलाफ बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक शिकायत दर्ज कराते हुए करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ितों का दावा है कि कंपनी ने अगरबत्ती बनाने की मशीन, बायबैक गारंटी और घर बैठे रोजगार का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये जमा कराए, लेकिन बाद में अपने वादों को पूरा नहीं किया।
मामले को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पीड़ितों ने जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सभी रायपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे और कंपनी के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच की अपील की।
पीड़ितों का कहना है कि कंपनी की योजनाओं में निवेश करने के बाद उन्हें न तो तय शर्तों के अनुसार काम मिला और न ही बायबैक गारंटी का लाभ दिया गया। वहीं, पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।







