मृतकों को पहले से थीं गंभीर बीमारियां, कडप्पा के अस्पताल में बनाया गया कोविड वार्ड
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राज्य में 26 जून से 16 जुलाई के बीच कोविड-19 के 12 मामले सामने आए हैं। इनमें से चार संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मृतक सभी मरीज पहले से ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।

मृतकों में तीन कडप्पा और एक काकीनाडा का
राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरपांडियन ने बताया कि मृत मरीजों को हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और किडनी जैसी गंभीर बीमारियां थीं। मृतकों में तीन मरीज कडप्पा जिले के रहने वाले थे, जबकि एक मरीज काकीनाडा का था।

26 जून को मिला था पहला मामला
स्वास्थ्य आयुक्त के अनुसार, वर्ष 2026 में आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 26 जून को कडप्पा जिले में सामने आया था। इसके बाद 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 और संक्रमित मरीजों की पहचान हुई। इनमें से दो लोग कोविड संक्रमित मरीजों के करीबी संपर्क में आने के बाद संक्रमित हुए।
कडप्पा में कोविड वार्ड तैयार
कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए कडप्पा के रिम्स अस्पताल में कोविड वार्ड तैयार कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि राज्य में समय-समय पर कोविड के मामले सामने आते रहे हैं। लोगों से सतर्क रहने और गंभीर लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।









