सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 760 रुपये नकद भी बरामद
बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने अरपा नदी किनारे स्थित पचरी घाट क्षेत्र में दबिश देकर नशीली दवाइयों की बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 49 नग नाइट्राजेपाम (Nitrazepam) नशीली टैबलेट और बिक्री से प्राप्त 760 रुपये नकद बरामद किए हैं।

विशेष अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

पचरी घाट क्षेत्र में दबिश देकर पकड़ा
अभियान के दौरान पुलिस को पचरी घाट क्षेत्र में नशीली गोलियों की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अरपा नदी किनारे दबिश दी और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 49 नाइट्राजेपाम टैबलेट और 760 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








